बरेली। बरेली कॉलेज के भौतिक विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर पूजा मालकर ने प्रबंध समिति के सचिव, प्राचार्य व भौतिक विज्ञान के विभागाध्यक्ष को 30 पन्नों का नोटिस भेजा है। बताया जा रहा है कि इसमें शर्तें नहीं मानने पर प्रबंध समिति के खिलाफ दो करोड़ रुपये की मानहानि का मामला दर्ज कराने की बात कही गई है। साथ ही, खुद को बहाल करने, उनसे माफी मांगने और प्राचार्य प्रो. ओपी राय को महिला विरोधी बताते हुए उनको निलंबित करने की मांग की हैं।
शिक्षिका ने फोन कॉल पर बताया कि अभी वह इस मामले में कुछ नहीं कह सकतीं, क्योंकि मामला जांच समिति के समक्ष विचाराधीन है। वहीं, प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने शिक्षिका की तरफ से जारी इस तीस पन्ने के पत्र की बात को स्वीकारा है। बरेली कॉलेज की प्रबंध समिति के वरिष्ठ सदस्य सुभाष मेहरा की अध्यक्षता में गठित जांच समिति दो बार बैठक कर चुकी है। बता दें कि असिस्टेंट प्रो पूजा को प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाया था। इस पर स्पष्टीकरण मांगा गया था। चर्चा है कि इस पर शिक्षिका ने अपने जवाब में अभद्र भाषा का प्रयोग किया। तब से मामला जांच समिति के पास है। संवाद