बरेली। जालसाजी कर करोड़ों रुपये का लोन लेने के आरोप में निलंबित चल रही एमबी इंटर कॉलेज की शिक्षिका को प्रबंध समिति की बैठक में बर्खास्त कर दिया गया। संस्तुति के लिए फाइल जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजी गई है।
एमबी इंटर कॉलेज में अंग्रेजी की सहायक शिक्षिका के पद पर तैनात रहीं वंदना वर्मा पर दो पैन कार्ड बनवाकर करोड़ों रुपये का लोन लेने और सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने के आरोप लगे थे। अगस्त 2024 में शिकायत की गई तो डीएम ने राजकीय हाईस्कूल की प्रधानाचार्य कुसुमलता को जांच सौंप दी। जांच में उनको दोषी पाया गया। जांच अधिकारी ने नवंबर 2024 में अपनी रिपोर्ट डीआईओएस को सौंप दी। डीआईओएस ने प्रबंधक को पत्र भेजा। वंदना प्रबंध समिति की जांच में भी दोषी पाई गईं।
दोनों रिपोर्ट के आधार पर प्रबंधक अनिल कुमार एडवोकेट ने वंदना को 20 नवंबर 2024 को निलंबित कर दिया। तब से वह निलंबित चल रही थीं। बुधवार को प्रबंध समिति की बैठक में उनको बर्खास्त करने का फैसला लिया गया। प्रबंधक अनिल कुमार एडवोकेट ने बताया कि उनकी सेवाएं समाप्त कर फाइल संस्तृति के लिए डीआईओएस कार्यालय को भेजी गई है।