रामदास ने हाल ही में बेची थी दो बीघा जमीन, ससुराल की भी मिली थी संपत्ति
बरेली। शेरगढ़ में किसान रामदास की हत्या के मामले में संपत्ति विवाद को लेकर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। करीबियों पर भी शक की सुई जा रही है। पूछताछ और धरपकड़ जारी है। जल्द खुलासा हो सकता है।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने रामदास के परिवार और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की तो पता लगा कि रामदास की चार बेटियां और इकलौता बेटा मोहित है। तीन बेटियों व मोहित की शादी हो चुकी है। रामदास के पास सात बीघा जमीन थी। इसमें से उन्होंने दो बीघा बेचकर बेटे को ट्रैक्टर दिलाया था। बताते हैं कि जमीन लोन पर होने की वजह से खरीदार के नाम दाखिल-खारिज नहीं हो सका तो उसने आपत्ति जताई थी। पुलिस खरीदार से पूछताछ कर रही है।
एसपी को पता लगा कि रामदास की पत्नी चार बहनें हैं और उनका कोई भाई नहीं है। इस लिहाज से रामदास को ससुराल में भी संपत्ति मिली है। वहां की संपत्ति को लेकर भी विवाद की चर्चा है। उसकी भी जांच की जा रही है।
गर्दन रेतने से हुई मौत, 26 जगह किए वार
रामदास के शव का पोस्टमाॅर्टम किया गया तो धारदार हथियार के 26 वार मिले। उसकी गर्दन पीछे से रेती गई थी। सिर पर भी प्रहार किया गया था। दोनों पैरों की एड़ियां भी काटी गई थीं, जिनसे होकर शरीर का अधिकतम रक्त निकल गया। ब्यूरो