बरेली। इज्जतनगर इलाके में एक युवक ने बाएं हाथ की नस काटकर जान दे दी। उसका शव रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला। घरवालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
शुक्रवार सुबह डीआरएम आफिस से कुछ दूरी पर रेलवे लाइन के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा गया। मृतक का शरीर अकड़ा हुआ था। उसके बाएं हाथ की नस कटी हुई थी और खून बह रहा था। ये देख भीड़ लग गई। मौके पर पहुंचे करमपुर चौधरी निवासी राजेश ने शव की शिनाख्त अपने भाई राकेश पुत्र उमेश सिंह के रूप में की। उसने कहा कि राकेश बेहद बीमार रहता था। उसका इलाज भी कराया, लेकिन ठीक नहीं हुआ। उसने पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया, इस पर पुलिस ने शव उसे सौंप दिया। घरवालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इज्जतनगर एसओ सतेंद्र सिंह यादव ने बताया कि राकेश बेहद शराब पीता था। उसका हीमोग्लोबिन भी शरीर में केवल दो यूनिट रह गया था। चार दिन पहले ही घरवाले उसे अस्पताल से लेकर आए थे। बृहस्पतिवार शाम राकेश घर से निकला और उसने हाथ की नस काटकर खुदकुशी कर ली। एसओ ने बताया कि राकेश शराब मांगने के लिए सुबह ही भट्टी पर कपड़ा बिछाकर बैठ जाता था। मांगने से जितनी शराब मिल जाती वह हर दिन पी लेता था।