बरेली। पर्यावरण के अनुकूल और किफायती सफर कराने के मामले में अव्वल इलेक्ट्रिक वाहनों (ई-व्हीकल) का क्रेज बढ़ रहा है। साढ़े तीन वर्षों में जिले में 21 हजार से अधिक ई-व्हीकल की बिक्री दर्ज की गई है। ऑटोमोबाइल सेक्टर के जानकारों का मानना है कि ईंधन की बढ़ती कीमतों और प्रदूषण से राहत पाने के लिए लोग अब ई-व्हीकल को प्राथमिकता दे रहे हैं।
कार शोरूम संचालक अल्पित अग्रवाल ने बताया कि इलेक्ट्रिक कारों के प्रति ग्राहकों का रुझान बढ़ रहा है। हर साल ई-व्हीकल की बिक्री में भी इजाफा हो रहा है। कुछ साल पहले तक एक-दो गिनी-चुनी कंपनियां ही इलेक्ट्रिक कारों का निर्माण करती थीं, लेकिन अब लगभग सभी बड़ी कार निर्माता कंपनियां इस सेगमेंट में उतर चुकी हैं। बाजार में उपलब्ध आधुनिक ई-कारें सिंगल चार्ज पर 300 से 680 किमी तक की रेंज दे रही हैं। इससे सफर सुविधाजनक हो गया है।
कार शोरूम संचालक अनमोल अग्रवाल के मुताबिक, इन वाहनों की शुरुआती कीमत 5.5 लाख रुपये है। जरूरत व लग्जरी के हिसाब से यह कीमत लगभग 28 लाख रुपये तक जाती है। लंबी दूरी की यात्रा को सुगम और चिंतामुक्त बनाने के लिए इनमें तेजी से सुधार किया गया है। अब प्रमुख पेट्रोल पंपों के अलावा देशभर के हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। इससे लंबी दूरी की यात्रा पर निकलने वाले वाहन चालकों को बैटरी खत्म होने की चिंता नहीं रहती। आगामी त्योहारों में अच्छा कारोबार रहने की उम्मीद है।
वर्षवार वाहनों की बिक्री के आंकड़े
वर्ष पेट्रोल वाहन डीजल वाहन पेट्रोल/सीएनजी ई-व्हीकल
2023 57890 5933 1968 5611
2024 61653 5645 2196 7838
2025 53533 5851 2486 6110
2026 26653 4819 464 2067
नोट : आंकड़े परिवहन विभाग से प्राप्त। 2026 के आंकड़े 11 सितंबर तक के हैं।