भोजीपुरा (बरेली)। थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले आत्महत्या करने वाले सुरेंद्र सिंह का छह मिनट का वीडियो सामने आया है। माना जा रहा है कि खुदकुशी से पहले उन्होंने यह वीडियो बनाकर रिश्तेदार को भेज दिया था। वीडियो में सुरेंद्र ने अपनी पत्नी, सास और पत्नी के मुंहबोले बहनोई पर गंभीर आरोप लगाते दिख रहे हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी निवासी सुरेंद्र सिंह भोजीपुरा के गांव मोहम्मदपुर ठाकुरान में सूअर पालन करते थे। सुअर बाड़े के पास बने कमरे में 25 जनवरी की सुबह उन्होंने फंदा लगाकर जान दे दी थी। अब सामने आए वीडियो में वह कहते दिख रहे हैं कि उनकी जिंदगी में सबसे खराब समय गुजर रहा है। वह अकेले रह गए हैं। वर्ष 2020 में उनकी शादी हुई थी। तब लगा कि जिंदगी सही हो जाएगी। बीवी को प्यार से रखना चाहा, लेकिन उसका संबंध किसी और से है। उसकी मां कहती थी कि बेटी 15 दिन ससुराल और 15 दिन मायके में रहेगी। आखिरकार वही हुआ। पत्नी ने मुझ पर मुकदमे कराए। मेरा जीना मुश्किल हो गया है। वह चाहती है कि मैं जिंदगी सही से न जी पाऊं। प्रेमी से पिटवाया। धमकी दी कि 15-20 लाख देकर फैसला कर लो।
लड़का होना बहुत बड़ा गुनाहसुरेंद्र ने कहा है कि लड़का होना बहुत बड़ा गुनाह है, क्योंकि आपकी कोई नहीं सुनता। न कानून, न ही पुलिस। मैं जीना नहीं चाहता। मरने की हिम्मत भी नहीं मेरे अंदर... लेकिन क्या करूं? हालात ऐसे आ जाते हैं कि आदमी गलत कदम उठा लेता है। मैं मम्मी-पापा से बहुत प्यार करता हूं। सरकार से गुजारिश है कि मेरे मम्मी-पापा को कोई परेशान न करे। आखिर में कहा कि मेरे शव का पोस्टमाॅर्टम न कराया जाए। संवाद
-
तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीण सोलंकी, अब प्रभारी निरीक्षक, भुता