तीन राज्यों का मेंटीनेंस हब बनेगा बरेली
दिल्ली-लखनऊ रेलखंड पर बरेली एक प्रमुख स्टेशन है। भविष्य में बरेली को उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड के मेंटीनेंस हब के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, सीबीगंज, बरेली कैंट, रामगंगा, भोजीपुरा स्टेशनों के लिए 20 से ज्यादा बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है। बरेली में वंदे भारत का मेंटीनेंस शेड भी प्रस्तावित है। इसके अलावा भिटौरा स्टेशन पर कंटेनर डिपो प्रस्तावित है। दिल्ली-लखनऊ के बीच 493 किलोमीटर के मेंटीनेंस कॉरिडोर के लिए सर्वे चल रहा है।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि बरेली को रेलवे हब के रूप में विकसित करने की योजना है। दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की दिशा में भी काम चल रहा है। गाजियाबाद-सीतापुर के बीच तीसरी और चौथी लाइन को मंजूरी मिल चुकी है। रोजा-लखनऊ के बीच फोर लाइन प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।