बरेली। 11वें श्रीराम मूर्ति मेमोरियल व सेकंड यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में शनिवार को भी कई वर्गों में मुकाबले खेले गए। टूर्नामेंट में गाजियाबाद की सुहानी महाजन और लखनऊ के लक्ष्य कुमार ने अलग-अलग दो वर्गों में फाइनल मुकाबले जीते।
चार दिवसीय टूर्नामेंट के तीसरे दिन सुहानी ने यूथ बालिका (अंडर 19) और जूनियर बालिका (अंडर 17) का खिताब अपने नाम किया। वहीं, लखनऊ के लक्ष्य कुमार ने भी कैडेट बालक (अंडर 13) और होप्स बालक (अंडर 13) में फाइनल जीता।
महिला वर्ग के फाइनल में गाजियाबाद की अंकिता गुप्ता ने जीत दर्ज की। अंडर 19 बालक वर्ग में गाजियाबाद के अर्चित जैन विजेता बने। अंडर-17 जूनियर बालक वर्ग में प्रयागराज के आर्यन कुमार ने खिताब जीता।
अंडर-15 सब जूनियर बालक वर्ग में प्रयागराज के आर्यन कुमार व सब जूनियर बालिका में गाजियाबाद की समृद्धि शर्मा ने जीत दर्ज की। अंडर-13 कैडेट गर्ल्स में लखनऊ की ही साक्षी तिवारी विजेता बनीं।
अंडर-11 होप्स गर्ल्स में प्रयागराज की अंशिका गुप्ता ने जीत दर्ज की। यूपीटीटीए के प्रेसिडेंट संजीव पाठक, पूर्व जनरल सेक्रेटरी अरुण बनर्जी, टूर्नामेंट डायरेक्टर एनके लाहिरी, अंतरराष्ट्रीय ब्लू बैज अंपायर बने अमित सिंह ने विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
बरेली टेबल टेनिस संघ के सचिव दीपेंद्र कामथान ने बताया कि टूर्नामेंट में पहली बार शामिल मास्टर्स कैटेगरी के फाइनल मैच रविवार को आयोजित होंगे। इसमें 39 वर्ष से अधिक आयु के वेटर्न पुरुष और महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। संवाद