कपूरपुर गांव के पास सड़क पर कार के सामने आया तेंदुआ।
मीरगंज/दुनका। मीरगंज इलाके के गांव कपूरपुर में शुक्रवार रात अचानक कार के सामने तेंदुआ आ जाने से उसमें सवार जितेंद्र के होश उड़ गए। कार हेडलाइट की रोशनी में उन्होंने तेंदुए का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो दहशत फैल गई। अगले दिन सुबह वन विभाग की टीम गांव पहुंची और तेंदुए की लोकेशन जानने के लिए कॉबिंग की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रेंजर ने गांव में दो वन कर्मियों को तैनात कर दिया है। साथ ही ग्रामीण को जंगल में अकेले न जाने की हिदायत दी है।
मीरगंज इलाके के गांव कपूरपुर निवासी जितेंद्र सिंह शुक्रवार रात करीब 11 बजे कार से मीरगंज से दवा लेकर घर लौट रहे थे। वह समसपुर गांव के आगे कपूरपुर के जंगल के पास पहुंचे तो अचानक तेंदुआ उनकी कार के आगे आ गया। यह देख उन्होंने कार रोक ली और हेडलाइट की रोशनी में तेंदुए का वीडियो बनाने लगे। हालांकि कार की हेडलाइट की रोशनी देखकर तेंदुआ कुछ ही सेकंड में जंगल की ओर भाग गया। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। रात में ही सूचना वन विभाग की टीम को दी गई, लेकिन कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। सुबह करीब नौ बजे वन विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम को मौके पर पगचिह्न नहीं मिले। मामले का वीडियो वायरल होने पर एहतियातन गांव में दो वन कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। साथ ही ग्रामीणों को समूह में ही खेतों पर जाने को कहा गया है।