हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट में अंतर समझना जरूरी
डॉ. पंकज बंसल ने बताया कि हार्ट अटैक में हृदय की मांसपेशियों तक रक्त पहुंचाने वाली धमनी में रुकावट आ जाती है। कार्डियक अरेस्ट में हृदय अचानक प्रभावी ढंग से रक्त पंप करना बंद कर देता है। हार्ट अटैक के कारण भी कार्डियक अरेस्ट हो सकता है। कार्डियक अरेस्ट में व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर सकता है और सामान्य रूप से सांस लेना बंद कर देता है।
दिल को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये उपाय
दिनचर्या को नियमित रखें और खानपान में सुधार करें। रोज अपनी क्षमता के अनुसार 30 मिनट तेज चाल से टहलें। धीरे-धीरे सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाला व्यायाम करें। योग, ध्यान और प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करें। तली-भुनी चीजों, अत्यधिक नमक और ट्रांस फैट से परहेज करें। संतुलित आहार लें। धूम्रपान और तंबाकू से दूरी बनाएं। पर्याप्त नींद लें और तनाव को नियंत्रित रखने का प्रयास करें। ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराएं। परिवार में कम उम्र में हृदय रोग का इतिहास हो या पहले से कोई बीमारी हो तो चिकित्सकीय सलाह लेकर ही कठिन व्यायाम करें।
हार्ट अटैक के प्रमुख लक्षण
सीने में दबाव, जकड़न, भारीपन या दर्द होना।
दर्द का बांह, कंधे, पीठ, गर्दन या जबड़े तक पहुंचना।
सांस लेने में परेशानी या अचानक घबराहट होना।
ठंडा पसीना आना और चक्कर महसूस होना।
जी मिचलाना, उल्टी या असामान्य कमजोरी महसूस होना।
बिना अधिक मेहनत किए अत्यधिक थकान होना
सीपीआर के साथ कार्डियक थंब देना भी है कारगर
हार्ट अटैक आने पर फौरन सीपीआर देने से कई लोगों की जान बची है। ऐसे मामलों में कार्डियक थंब देना भी लाभकारी हो सकता है। सीपीआर में जहां संबंधित व्यक्ति की छाती को दोनों हाथ से दबाया जाता है, वहीं कार्डियक थंब में मरीज की छाती के बीचोंबीच मुट्ठी से तेज प्रहार किया जाता है।
कुर्सी पर बैठे-बैठे चली गई चौकीदार की जान
हाफिजगंज कस्बे की सहकारी समिति में तैनात 59 वर्षीय चौकीदार रामलाल की सोमवार को ड्यूटी के दौरान कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। जब उनकी तबीयत बिगड़ी, वह अपनी कुर्सी पर बैठे हुए थे। हाफिजगंज सहकारी समिति के सचिव कुलवंत सिंह ने बताया कि रामलाल सोमवार सुबह गोदाम परिसर में कुर्सी पर बैठे थे।
अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दौरान समिति परिसर में मौजूद कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही रामलाल के परिजन भी पहुंच गए। उनके शव को घर ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। समिति के कर्मचारियों ने रामलाल के निधन पर दुख जताया है।