बरेली। दरोगा भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को बरेली मंडल के 53 केंद्रों पर होगी। इसमें 73,920 अभ्यर्थी शामिल होंगे। डीआईजी अजय साहनी ने बृहस्पतिवार को तैयारियों की समीक्षा की। चारों जिलों के एसपी से कहा कि सॉल्वरों पर नजर रहे। पकड़े जाने पर उन पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। इस बार 950 सीसी कैमरों से सॉल्वरों की निगरानी की जाएगी।
डीआईजी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास संवेदनशील इलाकों की पहले से पहचान कर ली जाए। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के आवागमन में बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने रेलवे और परिवहन निगम के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमीट्रिक एंट्री सिस्टम लागू किया गया है। इससे अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच होगी। किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन या स्मार्ट डिवाइस प्रतिबंधित रहेंगे। हर परीक्षा केंद्र पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पुलिस के अलावा अन्य एजेंसियां भी केंद्रों पर निगरानी करेंगी। प्रत्येक केंद्र की निगरानी संबंधित थाना प्रभारी करेंगे। दो केंद्रों पर एक सीओ को जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रों के बाहर भी पुलिस बल तैनात रहेगा।