उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर की भर्ती के लिए शनिवार और रविवार को होने वाली परीक्षा के दौरान दो दिन शहर में रूट डायवर्जन किया गया है। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि सभी प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जगह-जगह यूपी 112 भी तैनात रहेगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक जाने-आने में किसी तरह की समस्या न हो इसको लेकर सभी प्रबंध किए गए हैं। डायवर्जन आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों और रोडवेज बसों पर लागू नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि दोनों दिन सुबह पांच से रात आठ बजे तक डायवर्जन किया गया है। इस दौरान बरेली से रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन मिनी बाइपास से झुमका तिराहे की ओर जाने के बजाय महादेव पुल, श्यामगंज पुल, विलयधाम होते हुए पास किए जाएंगे। दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर से आने वाले वाहन झुमका से बड़ा बाइपास होते हुए बिलवा पुल, विलयधाम, रजऊ तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक जा सकेंगे।
बदायूं की ओर से आने और लखनऊ, शाहजहांपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन रामगंगा तिराहा से बुखारा मोड़, फरीदपुर होते हुए पास किए जाएंगे। लखनऊ शाहजहांपुर से दिल्ली, मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को बड़ा बाइपास, विलय धाम, बिलवा, झुमका होते हुए पास किया जाएगा। पीलीभीत व नैनीताल की ओर से आने और बदायूं की ओर जाने वाले वाहनों को बड़ा बाइपास, फरीदपुर होते हुए पास किया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों तक आ-जा सकेंगे छोटे वाहन
परीक्षा केंद्रों तक छोटे वाहनों, दो पहिया वाहनों, ऑटो व ई-रिक्शा के जरिये आ-जा जा सकेगा। जिन अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र बरेली कॉलेज है वह बरेली कॉलेज के पश्चिमी गेट कालीबाड़ी की ओर से प्रवेश कर सकेंगे। परीक्षा के दौरान बरेली कॉलेज का पूर्वी गेट बंद रहेगा।
समय का विशेष ध्यान रखें परीक्षार्थी
परिक्षार्थियों से अपील की है कि वह समय का विशेष ध्यान रखें। शहरी क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों तक जाने के लिए झुमका तिराहा, बिलवा अंडररपास, विलयधाम अंडरपास, रजऊ तिराहा, रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़ से शहर में प्रवेश करें। असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
एडीजी ने दिए निर्देश
एसआई भर्ती परीक्षा व त्योहारों के मद्देनजर एडीजी रमित शर्मा ने शुक्रवार को नौ जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। जुलूस मार्गों की निगरानी, परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती व खुराफातियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।