बरेली स्थित विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मेधावियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न बोर्डों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री द्वारा बरेली के इंटर, हाईस्कूल में प्रदेश की टॉपर्स सूची में जगह बनाने वाले तीन मेधावियों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का बरेली स्थित विकास भवन सभागार में सजीव प्रसारण हुआ।
विज्ञापन
यहां जिले के टॉपर्स को सांसद छत्रपाल गंगवार, मेयर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल और अधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र, टैबलेट और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही खेलों में राष्ट्र स्तरीय मेडल हासिल करने वाले खिलाड़ी भी सम्मानित हुए। इस दौरान अमर उजाला की ओर से भी प्रशस्ति पत्र मेधावियों को प्रदान किए गए।
भाजपा सांसद ने कहा कि इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में जो परिणाम आए हैं उससे पता चलता है कि बालिकाओं ने बालकों के मुकाबले अधिक सफलता प्राप्त की है। बालिकाएं मेहनत करने में आगे हैं। अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने उज्ज्वल भविष्य को शुभकामनाएं दीं। सम्मान और पुरस्कार पाकर मेधावियों व उनके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल गए।