बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रवेश के समय सीट लॉक नहीं करने वाले विद्यार्थियों को एक अंतिम अवसर दिया गया है। सीट लॉक नहीं होने से स्नातक के प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को नया एनरोलमेंट नंबर जारी नहीं हुआ है, इससे परीक्षा फॉर्म ही नहीं भर पा रहा है। बड़ी संख्या में छात्र पोर्टल पर सीट लॉक नहीं कर सके, जिसे देखते हुए रुविवि ने सीट लॉक के लिए दो दिन के लिए पोर्टल खोला है।
रुविवि के समर्थ पोर्टल से प्रवेश लेने व परीक्षा फॉर्म भरने वाले प्रथम सेमेस्टर के कई छात्र-छात्राएं सूचना के अभाव में सीट लॉक ही नहीं करा सके। सीट लॉक कराने की अंतिम तिथि 25 सितंबर थी, लेकिन अब छात्रों की समस्या देखते हुए एक अवसर दिया है। 17 से 18 दिसंबर के लिए सीट लॉक कराने का एक और अवसर दिया गया है। ये मौका प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होने वाले प्रवेश को छोड़कर सभी पाठ्यक्रम व डिप्लोमा कोर्स के छात्रों को मिला है, जिसमें उन्हें सीट लॉक करानी है। मंगलवार को फॉर्म भरने में आ रही समस्याओं को लेकर कई विद्यार्थी रुविवि के परीक्षा कार्यालय भी पहुंचे। जहां बीए के छात्र समीर ने बताया कि कॉलेज स्तर से कोई मेसेज ही नहीं आया, इसलिए रुविवि के परीक्षा कार्यालय के भी चक्कर काट रहे हैं, जब से परीक्षा फॉर्म भरने का पोर्टल खुला तब से एनरोलमेंट के लिए चक्कर काट रहा हूं, अब पता चला कि सीट लॉक भी करानी थी। वहीं एक अन्य छात्र अनुराग ने बताया मेल पर भी कोई सूचना नहीं मिल सकी, वेबसाइट भी चेक नहीं कर पाया, हालांकि पहले माह कॉलेज लगातार गया तभी सीट के बारे में पता नहीं चला। अब एनरोलमेंट नहीं जारी हुआ, इसलिए फॉर्म नहीं भर पा रहा हूं।
बरेली कॉलेज में इन विभागों में पहुंचे विद्यार्थी-
बरेली कॉलेज के जिन विद्यार्थियों ने सीट लॉक नहीं की अब उन्हें सीट लॉक कराने के लिए परीक्षाओं के बीच समय दिया गया है। जिसके तहत 17 व 18 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक कॉलेज विभागों में आकर सीट लॉक करवानी होगी। वाणिज्य संकाय के छात्रों को वाणिज्य विभाग, कला संकाय के छात्रों को एमएड विभाग और विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों को पर्यावरण विभाग में पहुंचकर सीट लॉक करानी होगी। प्राचार्य प्रो. ओपी राय के अनुसार इस तिथि के अलावा अब सीट लॉक कराने का दूसरा अवसर नहीं मिलेगा। सभी कोर्स के प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को सीट लॉक करने का एक और अवसर मिला है। सीट लॉक नहीं होने से सभी विद्यार्थियों के सामने बिना एनरोलमेंट के फॉर्म न भरपाने की समस्या आ रही है।