बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पादप विज्ञान विभाग के छात्र-छात्राओं ने ओयस्टर मशरूम उगाकर अब ऑनलाइन बेचने की कवायद शुरू कर दी है। प्लांट साइंस विभाग व एग्रीकल्चर विभाग में आयोजित मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद छात्रों ने इसका व्यावसायिक उत्पादन प्रारंभ किया है।
एक्सपीरियंशियल लर्निंग ग्रुप के रूप में छात्र ग्रुप में महीनों से मशरूम उगा रहे हैं। इसे स्थानीय बाजार व ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। बीएससी एग्रीकल्चर के छात्रों ने 3000 रुपये का निवेश ओयस्टर मशरूम उत्पादन किया, जिससे वह अभी तक 7000 रुपये का मशरूम बेच चुके हैं। इसी क्रम में छात्र गौरव गोले, केशव कुमार, मुख्तियार व मोहित ने भी मशरूम उगाए हैं। यह छात्र अब तक 5000 रुपये का मशरूम बेच चुके हैं। मशरूम विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षक डॉ. विजय कुमार सिंहाल ने बताया कि आने वाले समय में ओयस्टर मशरूम के मामले में विश्वविद्यालय स्वरोजगार उत्पादन केंद्र के रूप में उभर कर सामने आएगा।