छात्रों की हरकत से स्कूल में आया भूचाल
एक स्कूल की चार शिक्षिकाओं के उसी स्कूल के शिक्षकों के साथ अश्लील फोटो-वीडियो भड़काऊ कंटेंट के साथ सोशल मीडिया वायरल होने लगे। इससे महिला और पुरुष दोनों वर्ग के शिक्षकों की निजी जिंदगी में भूचाल आ गया। मामले की शिकायत पर जांच की रिपोर्ट मिली तो उसी स्कूल के चार शैतान लड़कों की चौकड़ी बेनकाब हो गई। आठवीं कक्षा के इन छात्रों में से एक के घर का पासवर्ड यूज किया गया। दूसरे ने आईडी बनाई, तीसरे ने कंटेंट दिया और चौथे ने उसे वायरल किया। मामले में इन बच्चों के अभिभावक खासतौर से शर्मसार हुए।
सीओ साइबर क्राइम गौरव सिंह ने बताया कि अभिभावकों को इस बात पर ध्यान देने की जरूरत है कि बच्चे मोबाइल पर क्या देख और सुन रहे हैं। तकनीक के इस दौर में बच्चों को मोबाइल से पूरी तरह अलग तो नहीं किया जा सकता, लेकिन उनकी निगरानी जरूर की जा सकती है। उनके दोस्तों की भी जानकारी रखनी चाहिए। निजता के उल्लंघन का मामला होने पर तत्काल पुलिस से शिकायत करनी चाहिए। तत्काल मदद के लिए 112 नंबर पर कॉल करें, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी समस्या बताई जा सकती है। नजदीकी थाने या साइबर क्राइम थाने से संपर्क करें, समस्या का समाधान किया जाएगा।