121 लोगों के करोड़ों रुपये डकार चुका है गैंग
मीरगंज के मोहल्ला लभेड़ा दुर्गाप्रसाद निवासी विक्रम मौर्य ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कन्हैया गुलाटी के पास पांच लाख रुपये निवेश किए थे। विक्रम के साथ 121 लोगों ने करोड़ों रुपये कन्हैया गुलाटी की कंपनी में लगाए। सभी के रुपये लेकर कन्हैया गुलाटी और उसका गिरोह भाग गया है। व्हाट्सएप पर कन्हैया गुलाटी लगातार धमकी दे रहा है।
न्यायालय के आदेश पर विक्रम की तरफ से बारादरी थाने में मामला दर्ज किया गया है। इज्जतनगर के सिद्धार्थनगर निवासी दिलीप ने बताया कि कन्हैया गुलाटी और आशीष महाजन के पास भाई-बहनों ने मिलकर 550000 रुपये निवेश किए थे। कन्हैया गुलाटी और उसका गैंग रुपये लेकर भाग गए। व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। न्यायालय के आदेश पर बारादरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
गुलाटी के रिश्तेदार और गुर्गे पुलिस के रडार पर
बढ़ते मुकदमों की संख्या से गुलाटी गैंग की करतूतें सामने आ रही हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने मुकदमों की बढ़ती संख्या के कारण कन्हैया गुलाटी की हिस्ट्रीशीट खोल दी। अब कन्हैया गुलाटी के बेटे, साले और गुर्गों पर इसी तरह की कार्रवाई हो सकती है, क्योंकि इन लोगों पर भी लगातार मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। जगतपाल मौर्य, प्रमोद परिहार, आशीष महाजन, गोपाल गुलाटी को कन्हैया गुलाटी के साथ कई मुकदमों में नामजद कराया गया है।
एसआईटी प्रभारी एसपी यातायात अकमल खान ने बताया कि इन सभी के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा की जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इन लोगों की भी हिस्ट्रीशीट खोलने और गैंग चार्ट बनाने की कार्रवाई की जाएगी।