बरेली। बरेली कॉलेज में इन दिनों स्नातक और परास्नातक के छात्रवृत्ति फॉर्म भरे जा रहे हैं। इसमें कुछ विभागों के शिक्षक विद्यार्थियों के आवेदनपत्र पर हस्ताक्षर करने में आनाकानी कर रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को बार-बार विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
स्नातक व परास्नातक के विद्यार्थी रवि, विनय, राकेश ने बताया कि वे छात्रवृत्ति के फॉर्म भरकर विभाग में पहुंचे, वहां शिक्षकों ने फॉर्म पर हस्ताक्षर करने में आनाकानी की। कुछ विभाग प्रभारी विद्यार्थियों को कम उपस्थिति होने का तर्क देकर बाद में आने की बात कह रहे हैं।
महाविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रवृत्ति के तकरीबन एक हजार आवेदनपत्र जमा किए जा चुके हैं। वेबसाइट रुक-रुककर काम करने से फॉर्म देरी से अपलोड हो पा रहे हैं। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. पंपा गौतम ने कहा कि अगर विद्यार्थियों को फॉर्म भरने में दिक्कत आ रही है तो इसका समाधान कराया जाएगा। संवाद