बरेली कॉलेज से लेकर रुहेलखंड विश्वविद्यालय तक लगभग रोज ही प्रदर्शन हो रहे हैं लेकिन विद्यार्थियों की समस्याएं हल नहीं हो रही हैं। कुलपति प्रो. मुशाहिद हुसैन ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा फार्म शुल्क बढ़ाया नहीं गया है। वित्त समिति ही फीस के मसलों पर निर्णय लेती है। जब तक बैठक नहीं होगी, इसे कम करने ने के लिए कुछ नहीं हो सकता। बैठक में इस मामले को रखा जाएगा।
विद्यार्थियों ने नहीं जमा किए फार्म, सछास नेता कुलपति से मिले
बरेली। कॉलेजों में परीक्षा फार्म शुल्क 200 रुपये लिए जाने का समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था लेकिन इस मसले का हल भी नहीं निकल सका है। बरेली कॉलेज ने न तो फीस कम की और न ही अपने यहां फार्म भरवाने की व्यवस्था की। नाराज विद्यार्थियों ने सोमवार को फार्म ही नहीं जमा किए। विद्यार्थियों ने कहा कि वे 200 परीक्षा फीस किसी भी स्थिति में नहीं देंगे।
सछास कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भी विश्वविद्यालय में जाकर कुलपति, कुलसचिव और चीफ प्रॉक्टर को छात्रों को समस्याएं बताईं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इतनी फीस नहीं दे पाएंगे। सछास जिलाध्यक्ष एवं छात्रसंघ महामंत्री हृदेश यादव ने कहा कि अगर विश्वविद्यालय उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करेगा तो आगे भी फार्म जमा नहीं करने दिए जाएंगे। उनको वित्त समिति में इस मांग को रखने का आश्वासन मिला। इस मौके पर महेंद्र यादव, शिव प्रताप सिंह यादव, अभिषेक यादव, फैज मोहम्मद, मुकेश कुमार, राजा, अनूप यादव, मदुनेश यादव, अनिकेत सक्सेना, तोहिद शेख, करन, विपिन यादव, गगनदीप, जेपी यादव आदि मौजूद रहे।
एबीवीपी के बैनर तले विवि में नारेबाजी
बरेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेजों में फॉरवर्डिंग शुल्क बढ़ाने और प्राइवेट कॉलेज की ओर से मनमाने ढंग से फीस वसूलने के विरोध में रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया। बरेली कॉलेज, विश्वविद्यालय कैंपस, खुसरो कॉलेज, खंडेलवाल कॉलेज, अग्रसेन कॉलेज समेत अन्य कॉलेजों के छात्रों ने विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ जमकर नारेबाजी की। प्रशासनिक भवन में प्रदर्शन के बाद उनकी कुलपति और कुलसचिव से वार्ता हुई। उन्होंने मामला वित्त समिति में रखने का आश्वासन दिया गया। रजिस्ट्रार ने कहा वह और कुलपति प्राइवेट कॉलेजों का औचक निरीक्षण करेंगे और उनको नोटिस देकर कार्रवाई करेंगे। प्रांत सह संगठन मंत्री महेश राठौर ने कहा कि प्रोसेसिंग शुल्क तत्काल वापस हो, नहीं तो विद्यार्थी परिषद विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के सभी कॉलेजों में परीक्षा फार्म जमा नहीं होने देंगे। प्रदर्शन करने वालों में यशवंत सिंह, सुमित गुर्जर, शशिंकात सिंह, अभय चौहान, भूपेंद्र कुर्मी, हिमांशु गंगवार, रंजीत सिंह, वीरेश सिंह, वेदपाल पटेल, सहदेव, सुनंदा रावत, मीनू, क्षमता, प्रिया, सोहिनी, कंचन, मोहिनी, सपना, अमन सक्सेना, गौतम, प्रियांक, मोहित, हेमंत, आयुष, अभिषेक, गौरव आदि शामिल रहे।