प्रशासनिक अधिकारियों के अर्दली भी हुए अभियान में शामिल
बरेली। लॉकडाउन के बीच बेवजह घर से निकलने वाले लोगों पर पुलिस प्रशासन अब सख्त होनेे लगा है। गुरुवार को श्यामगंज चौराहा, अयूब खां और कोहड़ापीर आदि चौराहों पर पुलिस ने ग्यारह बजे के बाद से सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान बेवजह घर से बाहर निकलने वाले 50 से अधिक लोगों पर पुलिस ने लाठियां भांजी, कई लोगों की गाड़ियों मेें सूजा घोंपकर हवा भी निकाल दी गई। इस दौरान पास वाले लोगों से भी सख्ती से पूछताछ की गई।
गुरुवार दोपहर बारह बजे के आसपास सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार व एसीएम दो रोहित यादव श्यामगंज चौराहा पहुंचे। उन्होंने वहां पुलिस के साथ सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में ऐसे बाइक सवार युवक मिले जो बेवजह घर से बाहर घूमने निकले थे। पुलिस ने इनकी बाइक का न केवल चालान किया गया बल्कि डंडे भी बजाए। आवश्यक सेवा से जुड़े पास वालों से भी सख्ती से पूछताछ की गई। इनमें कई नगर निगम, अस्पतालों के डॉक्टर, बैंकिंग सेवा से जुड़े लोग भी शामिल थे। खास बात यह रही कि इस पूरे अभियान के दौरान इन दोनों प्रशासनिक अधिकारियों के अर्दली भी गाड़ियां चेक करते और लोगोें की गाड़ियों में सूजा घोंपकर हवा निकालते दिखे।
वीआईपी का रौब भी नहीं आया काम
श्यामगंज चौराहे पर एक चार पहिया वाहन रुकी। इसमें सवार लोगाें से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी। इस गाड़ी के आगे शीशे पर वीआईपी और एक राजनीतिक दल का स्टीकर लगा था। पूछताछ शुरू होने पर पहले गाड़ी सवार लोगों ने वीआईपी होने का रौब दिखाया पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सख्ती के आगे वे बेबस दिखाई दिए। पुलिस ने न केवल गाड़ी का चालान किया बल्कि दोबारा बेवजह निकलने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दे डाली।
कई वाहनों की हवा निकाली
कुछ ऐसे लोग भी दिखाई दिए जो खुद को बीमार बताकर बचने की कोशिश करते रहे। पर पुलिस इन्हें बख्शने के मूड में कतई नहीं दिखी। पुलिस ने इनकी गाड़ियों का चालान कर पहियों में सूजा घोंप दिया। साथ ही दोबारा सड़क पर न निकलने की हिदायत भी दी। वहीं कइयों का हल्मेट न होने पर चालान कर दिया गया। उधर, अयूब खां चौराहे पर भी पुलिस ने कड़ी चेकिंग की। यहां पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहे लोगों को पुलिस ने धर दबोचा और उन्हें थाने ले जाया गया। हालांकि बाद में पूछताछ के बाद उनकी गाड़ी का चालान कर उन्हें छोड़ दिया गया।
कोहड़ापीर चौराहे पर भी पुलिस ने की सख्ती
उधर, कोहड़ापीर चौराहे पर भी पुलिस सख्त दिखी। यहां भी बेवजह घर से निकलने वालों का न केवल चालान किया गया बल्कि कई शरारती तत्वों की पीठ भी लाल कर दी गई। इस दौरान पुलिस रिक्शा चालकों और उन पर बैठकर जाते लोगों को भी सख्त हिदायत देते दिखी।
श्यामगंज पर चौराहा पर की सघन चेकिंग
बरेली। एसीएम रोहित यादव ने गुरुवार की दोपहर श्यामगंज फ्लाईओवर के नीचे दो चौराहों पर आने जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग कराई। इस दौरान सिर्फ सैरसपाटा को निकले लोगों के करीब 50 वाहन पंक्चर कर दिए गए। तो कई लोगों को कड़ी चेतावनी देकर जाने दिया। कुछ लोग पास लगाकर पहुंचे, जांच में पता चला कि पास का दुरुपयोग हो रहा है।