बरेली। वर्ष 2026 की यूपी बोर्ड परीक्षाओं के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को पहले से कहीं अधिक सख्त बनाया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रधानाचार्य कक्ष से अलग एक सुरक्षित स्ट्रांग रूम बनाना अनिवार्य है, प्रश्नपत्रों को यहां डबल लॉक में रखा जाएगा। स्ट्रांग रूम की 24 घंटे सीसी कैमरों से निगरानी करने के साथ ही यहां सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा।
क्षेत्रीय सचिव मुन्ने अली ने बताया कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए यह तय किया गया है कि प्रश्नपत्रों के बक्से स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में ही खोले जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया की लॉग बुक तैयार की जाएगी।
चाबियों के रख-रखाव के लिए भी कड़े नियम बनाए गए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति में यदि अलमारी की डुप्लीकेट चाबी का उपयोग करना पड़ा, तो इसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को देना अनिवार्य होगा। स्ट्रांग रूम के भीतर मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।
प्रशासन ने निर्देशित किया है कि सीसी कैमरों के साथ-साथ वॉयस रिकॉर्डर और राउटर डिवाइस का सक्रिय होना भी सुनिश्चित किया जाए। इन कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम छह महीने तक सुरक्षित रखी जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनकी जांच की जा सके।
जिला मुख्यालय स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा, जहां से हर कंप्यूटर पर अधिकतम आठ केंद्रों की सतत निगरानी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान यदि किसी केंद्र पर कोई गड़बड़ी पाई जाती है या सीसी कैमरे काम करते नहीं मिले, तो तत्काल सचल दलों को सूचना देकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सहायता और पारदर्शिता के लिए प्रत्येक केंद्र के बाहर हेल्पलाइन नंबर, सोशल मीडिया हैंडल और ईमेल आईडी प्रदर्शित की जाएगी। इस पर परीक्षार्थी या अभिभावक अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। सचिव ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्रों के वितरण से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन केंद्रों तक पहुंचने तक की पूरी प्रक्रिया पुलिस अभिरक्षा में ही संपन्न होगी।