नवाबगंज। तहसील नवाबगंज क्षेत्र के बिजासिन गांव में छुट्टा पशुओं का आतंक बना हुआ है। इससे खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से उसे पकड़वाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी सांड़ों के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं में लोग घायल भी हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी सबक लेने को तैयार नहीं हैं। बिजासिन गांव में घूम रहे हिंसक सांड़ के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल है। बच्चे और बुजुर्ग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। वहीं, किसानों को खेतों पर जाते समय हमले का खतरा बना रहता है। संवाद
-
सोमपाल की मौत पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सौ मीटर की दूरी पर शासन ने गोशाला का निर्माण कराया है, जिसमें वर्तमान में 122 गोवंश पशु मौजूद हैं। केयर टेकर हरपाल और रोशनलाल ने बताया कि गांव में दो हिंसक सांड़ घूमते रहते हैं। वे भी इनके हमले से घायल हो चुके हैं। शनिवार को ग्रामीणों ने सांड़ को पकड़कर गोशाला भिजवाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच वह ग्रामीणों के चंगुल से छूटकर बिजासिन गांव के सोमपाल पर हमला कर दिया था। मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप लगाया था कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है। केयर टेकर ने बताया कि इस मामले में बीडीओ से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
-
खंड विकास अधिकारी ईशा हर्षिता ने बताया कि अभी घटना उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो ग्राम पंचायत अधिकारी, पशु चिकित्सक व ग्राम प्रशासक के सहयोग से हिंसक पशु को पकड़वा कर नजदीक की गोशाला में भिजवाया जाएगा। ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।