छावनी परिषद ने मुख्यालय को भेजा प्रस्ताव, स्वीकृति के बाद शुरू होगा काम
बरेली। छावनी क्षेत्र में 110 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इसमें करीब 100 करोड़ रुपये से सीवर लाइनें डाली जाएंगी और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण होगा। साथ ही, 10 करोड़ रुपये की लागत से श्रीधोपेश्वरनाथ मंदिर में ओपन थिएटर बनाया जाएगा। छावनी परिषद ने इसका प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेज दिया है।
छावनी क्षेत्र के पांच हजार घरों में 40 हजार की आबादी रहती है। यहां काफी समय से सीवरेज व जल निकासी की समस्या है। गंदे पानी के उचित निस्तारण के अभाव में लोगों को काफी परेशानियां होती हैं। एसटीपी लगने से यह समस्या काफी हद तक दूर होगी। श्री धोपेश्वरनाथ मंदिर में बनने वाला ओपन थिएटर धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देगा। इस परियोजना का महत्वपूर्ण पहलू पर्यटन को प्रोत्साहित करना भी है। ब्यूरो
गोशाला के लिए भूमि चिह्नित
छावनी परिषद में 7.5 एकड़ भूमि पर गोशाला बनाई जाएगी। इसका संचालन सामाजिक संस्था करेगी। इसमें बेसहारा पशुओं को संरक्षित किया जाएगा।
एसटीपी व ओपन थिएटर का प्रस्ताव मंजूरी के लिए भेजा गया है। स्वीकृत मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। - तनु जैन, मुख्य अधिशासी अधिकारी, छावनी परिषद