बरेली। बुलेट बाइक पर सवार तीन युवकों ने रविवार दोपहर डेलापीर चौराहे के पास दबंगई की। बीच सड़क पर बुलेट खड़ी करके ई-बस को रोक लिया। इसके बाद चालक से गाली-गलौज की। विरोध करने पर चालक को पीट दिया। बस को भी नुकसान पहुंचाया। चालक ने इज्जतनगर थाने में तहरीर दी है। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। अब यह वायरल हो रहा है। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के पीपलसाना चौधरी निवासी रंजीत सिंह सिटी बस सेवा के तहत संचालित ई-बस पर चालक हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि है कि रविवार दोपहर वह बस लेकर जंक्शन से मिनी बाइपास जा रहे थे। डेलापीर चौराहे पर बुलेट सवार तीन युवकों ने रोड पर बाइक खड़ी करके बस को रोक लिया। आरोप है कि तीनों युवक नशे में थे। बस रुकते ही दो युवक उनके पास आए और गालियां देने लगे। विरोध करने पर उनको पीटा और जान से मारने की धमकी दी। तीनों युवक सीबीगंज के रहने वाले हैं।
एसपी सिटी मानुष परीक ने बताया बाइक सीज कर दी गई है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बस चालक ने घटना के संबंध में सिटी बस सेवा के अधिकारियों को भी कॉल करके बताया है। प्रबंध संचालक मनीषा दीक्षित का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। बस में हुए नुकसान की भरपाई भी कराई जाएगी।