फतेहगंज पश्चिमी। क्षेत्र के गांव अगरास में ग्रामीणों के विरोध के चलते सहकारी समिति के विस्तार को खोदी जा रही बुनियाद रोकनी पड़ी। हालांकि जिला पंचायत सदस्य तेजेश्वरी सिंह ने इसे बाजार की भूमि बताया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र पंचायत की ओर से कुछ समय पहले गांव अगरास में सहकारी समिति की चहारदीवारी और इंटरलाॅकिग के लिए 30 लाख रुपये का प्रस्ताव किया गया था, जिसकी बुनियाद खोदवाने के लिए ग्राम प्रधान और एडीओ सहकारिता ज्ञानेंद्र भास्कर जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे तो जिला पंचायत सदस्य तेजेश्वरी सिंह के नेतृत्व में 100 की अधिक की संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। बुनियाद खोदने से मना कर दिया, लेकिन ग्राम प्रधान मानने को तैयार नहीं हुए। इससे ग्रामीण उग्र हो गए, जिससे विवाद होने की आशंका बढ़ गई। मामला गर्माता देख ग्राम प्रधान और एडीओ सहकारिता काम बंद कर वहां से चले गए।
जिला पंचायत सदस्य तेजेश्वरी सिंह ने बताया कि यह जगह बाजार की है। इस जगह पर कोई निर्माण कार्य नहीं हो सकता। कुछ देर बाद ब्लाॅक प्रमुख किरण यादव के प्रतिनिधि सत्येंद्र यादव मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों की बात सुनी। प्रस्ताव निरस्त करने का आश्वासन देकर काम बंद कराकर विवाद सुलझा दिया। कहा कि इस जगह पर कोई निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। एडीओ सहकारिता ने बताया कि इस मामले में ब्लॉक प्रमुख जो निर्णय लेंगे। उसके अनुसार कार्य करवाया जाएगा। संवाद