किला पुल - किला पुल के निचे पिलर 14 के पास मरम्मत कार्य शुरू हुआ - अमर उजाला
बरेली। किला रेलवे क्रॉसिंग रोड लगाए गए भारी-भरकम पत्थरों को हटा दिया गया है। इससे लोगों को काफी राहत मिली। शनिवार को इधर से गुजरने वाले लोगों को जाम से भी नहीं जूझना पड़ा।
कार्यदायी संस्था की ओर से पुल की मरम्मत के लिए किला रेलवे क्रॉसिंग रोड पर आवागमन रोकने के उद्देश्य से बोल्डर लगा दिए थे। इसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही थी। किला छावनी की ओर से सिटी श्मशान भूमि को जाने वाला रास्ता भी बंद था। शुक्रवार को एक शवयात्रा इन बोल्डरों के ऊपर से निकालनी पड़ी। उससे पहले शवयात्रा में शामिल लोगों ने बेल्डरों को हटाने के काफी प्रयास किए, लेकिन असफल रहे।
अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो कार्यदायी संस्था ने इसका संज्ञान लेकर बोल्डरों को हटवा दिया। इसके बाद आवागमन शुरू हो गया। सिटी श्मशान भूमि जाने वाली अर्थियों को निकलने में भी किसी तरह की परेशानी सामने नहीं आई।
वहीं, किला पुल का बीम दरकने की खबर का असर भी हुआ है। शनिवार को कार्यदायी संस्था के कर्मचारी इनकी मरम्मत करते दिखे। बीम के खराब हो चुके सीमेंट को निकाला गया। अब बीम को मजबूती प्रदान करने के लिए दोबारा मसाला भरा जाएगा।
बाकी बेल्डर भी हटेंगे
किला क्रॉसिंग रोड पर लगाए गए सभी बेल्डरों को हटाया जाएगा, ताकि रास्ता पूरी तरह से खोला जा सके। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग की ओर से पुल की मरम्मत का काम जल्द ही पूरा हो जाएगा।