STF caught 50 lakhs illegal wine in Nawabganj
- फोटो : NAWABGANJ
एसटीएफ, नवाबगंज पुलिस ने की कार्रवाई
नवाबगंज। नवाबगंज के लालगोपालगंज निंदूरा क्रॉसिंग के पास अवैध शराब तस्करी के खेल का भंडाफोड़ हुआ। एसटीएफ व स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एमपी से तस्करी कर लाई जा रही 50 लाख की अवैध शराब पकड़ी गई। इस दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई बुधवार देर रात की गई। एसटीएफ एएसपी नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उनकी टीम ने नवाबगंज पुलिस को सूचना देकर लालगोपालगंज निंदूरा रेलवे क्रॉसिंग के पास दबिश दी। जहां एक व्यक्ति ट्रक लेकर मिला। पुलिस टीम को देख उसने भागने का प्रयास किया। जिसे पीछा कर रेलवे फाटक के पास से पकड़ा गया। उधर तलाशी लेने पर ट्रक में कुल 974 पेटी शराब लदी मिली। मांगने पर वह बरामद शराब से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा सका। जिसके बाद शराब को थाने लाकर सीज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जसवंत सिंह पुत्र रेसम सिंह निवासी 53 बी अभिनव नगर थाना भंवर कु वर जनपद इंदौर निवासी इस आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह इंदौर के खेड़ी निवासी सुधाकर त्रिपाठी के कहने पर यह शराब लेकर आया था। उसे कहा गया था कि वह शराब लालगोपालगंज तक पहुंचा दे जहां पर उसे कुछ लोग मिलेंगे। इसके बाद वह ट्रक लेकर चले जाएंगे। वह लोग कौन थे, इस बारे में वह कुछ नहीं बता सका। एसटीएफ अफसरों का यह भी कहना है कि बरामद शराब की शीशियों पर सुरक्षा होलोग्राम भी नहीं लगे थे। ऐसे में यह स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक भी हो सकती है।