बरेली। स्पेशल टास्क फोर्स लखनऊ की टीम ने बुधवार को बरेली में तस्करी के दो आरोपियों को 3.50 किलोग्राम अफीम के साथ दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से 48 हजार रुपये, एक बाइक और तीन मोबाइल फोन के अलावा आधार कार्ड और डेबिट कार्ड भी मिले हैं। इनके खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अफीम की खेप झारखंड से लाई गई थी। इसे यूपी और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में भेजा जाना था।
एसटीएफ के सीओ विमल कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली कि झारखंड से अफीम लाकर अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य बरेली में किसी को सप्लाई करने वाले हैं। यहां से यह अफीम उत्तराखंड भेजी जानी है। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने तस्करों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र में अंधी पुलिया के पास एसटीएफ ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इन्होंने अपने नाम झारखंड के जिला हजारी बाग के थाना चौपारन के गांव दादापुर निवासी विशाल और दूसरे ने बरेली के थाना अलीगंज के गांव तिलई उत्तरनगर निवासी बंटी बताया।
विशाल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अफीम की खेप झारखंड से लाया था। बरेली में यह अफीम बंटी को देनी थी। बंटी इसको उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली अलग-अलग राज्यों में पहुंचाने वाला था।