बरेली। किला थाना क्षेत्र के मोहल्ला पंजाबपुरा में वकीलों वाली गली में लोगों ने अपने घरों पर सामूहिक पलायन के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। इसके फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं। स्थानीय अभिसूचना इकाई भी इसको लेकर सक्रिय हो गई है। मामला दूसरे समुदाय की महिला को मकान बेचने से जुड़ा हुआ है।
वकीलों वाली गली में रहने वाले विशाल सक्सेना ने एक माह पहले अपना पैतृक मकान दूसरे समुदाय की शबनम पत्नी रईस मियां को 20 लाख रुपये में बेच दिया था। पंजाबपुरा हिंदू बहुल इलाका है। मोहल्ले के लोगों को जब इसका पता लगा तो उन्होंने नाराजगी जताई। लोगों ने इसके विरोध में पिछले दिनों प्रदर्शन भी किया था। कोई कार्रवाई न होने पर मोहल्ले के लोगों ने अपने घरों पर सामूहिक पलायन के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। इसके वीडियो और फोटो एक्स समेत अन्य सोशल नेटवर्किंग प्लेटफाॅर्म पर वायरल होने के बाद मामला गरमाने लगा है। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को बैठाकर मामले का समाधान कराने में जुटी हुई है। संवाद
मकानों पर पलायन संबंधी पोस्टर चस्पा किए जाने की सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही है। जांच में सामने आया है कि मोहल्ले के एक युवक ने अपना मकान दूसरे समुदाय की महिला को विक्रय कर दिया था। इसी के विरोध में लोग आक्रोशित हैं। दोनों पक्षों से बात की गई है। वे प्रकरण के निस्तारण को लेकर सहमत हैं। - संदीप सिंह, सीओ द्वितीय