सिपाही का युवती से था प्रेम प्रसंग, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप
नवाबगंज। शादी का झांसा देकर सिपाही ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज न होने पर सोमवार को युवती के परिजन थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। एसपी देहात के आदेश पर युवती का बयान दर्ज कर उसे नारी निकेतन भेज दिया गया है।
हाफिजगंज थाने में पीआरवी पर तैनात सिपाही पूर्व में नवाबगंज थाने में तैनात था। सिपाही का वहां एक युवती से प्रेम प्रसंग हो गया था। सिपाही विवाहित है और उसके दो बच्चे भी हैं। नवाबंगज के बाद सिपाही का तबादला हाफिजगंज पीआरवी में हो गया। इसके बाद भी वह अक्सर युवती को हाफिजगंज बुलाया करता था। चार दिन पहले भी वह युवती को हाफिजगंज ले गया। इस बारे में युवती के परिजनों को पता लगा तो वह युवती को वहां से ले आए। आरोप है कि सिपाही ने उनके साथ मारपीट भी की और धमकी दी। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी।
रिपोर्ट दर्ज न होने पर सोमवार को युवती के परिजन थाने पहुंचे। यहां कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के गेट पर धरने पर बैठ गए। इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने समझाबुझाकर धरना खत्म कराया। युवती के परिजनों ने पुलिस को पेन ड्राइव में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी है।
दरोगा ने सख्ती की तो माहौल गरमाया
थाना गेट पर धरना की सूचना पर पूर्व सभासद संतोष गुप्ता, विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश गंगवार, व्यापारी नेता प्रशांत गुप्ता, अजय गंगवार समेत कई लोग कोतवाली पहुंच गए। दरोगा विदेश शर्मा धरने पर बैठे लोगों को हटा रहे थे। सख्ती भी दिखा रहे थे। उन्होंने दरी छीन ली तो पूर्व सभासद समेत अन्य लोग भी आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। संवाद
मामले की जांच की जा रही है। युवती के बयान दर्ज किए गए हैं। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - हर्ष मोदी, सीओ नवाबगंज