बरेली के इज्जतनगर इलाके में एक महिला ने अपनी सौतेली बेटियों पर इंस्टाग्राम आईडी हैक करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। इस मामले में इज्जतनगर थाने में बेटियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कर्मचारी नगर निवासी पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह अमरीश नाम के व्यक्ति से हुआ है। अमरीश की पहली पत्नी का निधन हो चुका है और उसकी तीन बेटियां हैं। महिला के अनुसार, उसकी दो सौतेली बेटियां अक्सर बहाने से उसका मोबाइल फोन ले लेती थीं। उन्होंने मोबाइल से महिला का इंस्टाग्राम पासवर्ड हासिल कर उसकी आईडी हैक कर ली।
यह भी पढ़ें-
Bareilly News: युवक ने पहचान छिपाकर किया प्रेम विवाह, पत्नी के आपत्तिजनक फोटो किए वायरल
आईडी हैक करने के बाद बेटियों ने उसके कई फोटो भी बदल दिए। महिला ने यह भी बताया कि इंस्टाग्राम पर संदेश भेजकर 'ऑल इंडिया बार परीक्षा' की बात कहकर ओटीपी भी मांगा गया। उसकी निजी फोटो और वीडियो के साथ लगातार छेड़खानी की जा रही है। एसएसपी के आदेश पर इज्जतनगर थाने में यह रिपोर्ट दर्ज की गई है।