नवाबगंज। भदपुरा ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी और खंड प्रेरक में शौचालय योजना में कमीशन को लेकर हुई मारपीट के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ने मामले में संज्ञान लिया है। उन्होंने खंड प्रेरक और ग्राम पंचायत अधिकारी के बयान दर्ज कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी है।
भदपुरा ब्लॉक में खंड प्रेरक के पद पर तैनात संजीव कुमार और ग्राम पंचायत अधिकारी विशाल दीक्षित के बीच शौचालय योजना के कमीशन को लेकर मंगलवार की देर शाम गाली-गलौज के साथ मारपीट हो गई थी। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाना नवाबगंज में तहरीर दी गई। मामले में संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर ने भदपुरा ब्लॉक में तैनात खंड प्रेरक संजीव कुमार को नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण तलब किया है। बुधवार को खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश ने खंड प्रेरक संजीव कुमार और ग्राम पंचायत अधिकारी विशाल दीक्षित के अलग अलग बयान दर्ज किए हैं। साथ ही खंड प्रेरक संजीव ने अपना पक्ष रखते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी के समक्ष पेश होकर स्पष्टीकरण सौंपा है। इस मामले में खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बयान लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद