बरेली। पंचायत चुनाव की तैयारियां और कानून व्यवस्था की राज्य निर्वाचन आयुक्त (पंचायत) एस के अग्रवाल गुरुवार को कमिश्नरी सभाकक्ष में समीक्षा करेंगे। उनके साथ डीजीपी जगमोहन यादव, प्रमुख सचिव (गृह) देवाशीष पांडा सहित कई प्रमुख अधिकारी भी बरेली आ रहे हैं। करीब चार घंटे चलने वाली बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों की समीक्षा होगी। इस बैठक के लिए आईजी, कमिश्नर और डीआईजी पूरे दिन तैयारियों में जुटे रहे। प्रधानी के लिए पिछले चुनाव से कुछ हटकर संवेदनशील, अति संवेदनशील केंद्र तथा तैयारियों के आंकड़े तैयार किए गए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त गुरुवार की सुबह नौ बजकर 45 मिनट पर राजकीय वायुयान से एयरफोर्स स्टेशन त्रिशूल पर आएंगे। सुबह 10 बजे कमिश्नरी सभाकक्ष में समीक्षा बैठक करेंगे। ढाई बजे के बाद पुन: अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर बाद करीब चार बजे राजकीय वायुयान से लखनऊ रवाना हो जाएंगे। प्रदेश सरकार के शीर्ष अधिकारियों के दौरे के मद्देनजर कमिश्नरी में देर शाम तक तैयारियां होती रहीं। कमिश्नरी परिसर और मीटिंग हाल को नए सिरे से संवारा गया।
बैठक का एजेंडा
मतदान शांतिपूर्ण हो, किसी भी तरह की हिंसक घटनाएं न हों। इसके लिए जिलों में अब तक क्या-क्या तैयारियां की गईं हैं। पांच साल से लेकर अब तक के चुनावों में हिंसा वाले गांवों के खुराफातियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। कितने लोग 107-16 में पाबंद किए गए हैं। जातीय तनाव वाले गांवों में भी क्या इंतजाम किए गए हैं।
ये अधिकारी शामिल होंगे
आाईजी बरेली जोन विजय सिंह मीना, बरेली और मुरादाबाद के कमिश्नर तथा डीआईजी। दोनों मंडलों के नौ जिलों के डीएम और एसएसपी।