बरेली। अल्ट्रासाउंड जांच में जुड़वां जबकि महिला अस्पताल में एक बच्ची के जन्म के प्रकरण की जांच पूरी हो गई है। स्टाफ के बयान के अनुसार गर्भवती का सामान्य प्रसव हुआ था। उस दौरान दादी मौजूद थीं। प्रसव में एक बच्ची के जन्म की पुष्टि भुता के गांव गजनेरा निवासी प्रसूता राजेश्वरी देवी ने की थी। इसके बाद ही केस शीट रिपोर्ट पर एक बच्ची के जन्म को दर्ज किया गया था।
दूसरी ओर, लेबर रूम में आवागमन का एक ही रास्ता है। कक्ष के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग में भी प्रसव के कुछ देर बाद जनरल वार्ड में शिफ्ट करने के दौरान एक बच्ची को साथ लिए निकलने की पुष्टि हुई है। हालांकि, प्रसूता राजेश्वरी देवी के पति सुरेश बाबू को किसी ने अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में जुड़वां की बात कहकर गुमराह किया। सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद के मुताबिक एक ही बच्ची का हुआ था। प्रसूता ने अब तक दूसरी बच्ची के जन्म पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच जारी है। ब्यूरो