नशे में जिंदगी बर्बाद करती यूवा पीढ़ी
- फोटो : demo pics
डोरी लाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में दीवार फांदकर अंदर आने वाले बाहरी तत्वों ने सुनसान पाकर एक 12 साल के क्रिकेट खिलाड़ी को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश करने की कोशिश की। खिलाड़ी के मुताबिक वे उसे साथ ले जाना चाह रहे थे लेकिन उसने अपने आप को हाथ पैर चलाकर बचाया। नशीले पदार्थ की वजह से उसकी तबियत बिगड़ी तो अभिभावकाें को जानकारी हुई। उन्होंने बुधवार को स्टेडियम में क्रिकेट कोच से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वे पुलिस में भी इसकी शिकायत करेंगे।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में चहारदीवारी होने के बावजूद भी दीवार फांदकर बाहरी तत्व दोपहर में स्टेडियम में घुस आते हैं और नशा करते हैं। जब खिलाड़ी आना शुरू होते हैं तो ये खिसकते हैं। इन्होंने बड़े- बड़े होल भी दीवाराें में कर रखे थे, जिन्हें पिछले दिनों बंद किया गया। यहां पीछे के दरवाजे भी टूट चुके हैं। मंगलवार को क्रिकेट सीखने वाला 12 वर्षीय एक खिलाड़ी मैदान में जल्दी आ गया। वह दौड़ लगा रहा था। तभी चार लड़काें ने उसे पकड़ लिया और काले रंग का कपड़ा रखकर मुंह दबाया। खिलाड़ी ने अपने अभिभावकों को बताया कि वे लोग उससे मुंबई जाने के बारे में पूछ रहे थे। जब खिलाड़ी ने विरोध किया तो चारों लड़के उसे छोड़कर भागे। इस बात की जानकारी उसने स्टेडियम में अपने सीनियर्स को नहीं दी। शाम को घर पहुंचने पर जब उसकी तबियत बिगड़ी तब अभिभावकाें को पूरी बात पता चली। बुधवार को उन्होंने स्टेडियम पहुंचकर क्रिकेट कोच ओपी कोहली को पूरी बात बताई। खिलाड़ियों की पहचान कराई गई, लेकिन उसने बताया कि वह कोई बाहरी लड़के थे जिन्हें पहली बार स्टेडियम में देखा था। उन्होंने कहा कि वे इसकी शिकायत थाने में भी करने का मन बना रहे हैं। बच्चा काफी डरा हुआ है।
अभिभावकाें ने जानकारी दी है। बाहरी तत्व आते थे लेकिन अब तो काफी सख्ती है। फिर भी शिकायत आना गंभीर मामला है इसलिए जब तक स्टेडियम में सभी खिलाड़ी नहीं आते तब तक दो कर्मचारी पीछे के गेट पर रहेंगे। यह जानकारी आरएसओ को भी दी जाएगी।
ओपी कोहली, क्रिकेट कोच