बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में बरेली क्रिकेट एसोसिएशन एवं क्रिकेट कैंप स्टेडियम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सीड्सपोर्ट्स चैलेंजर ट्रॉफी के तहत खेले गए मुकाबले में स्टेडियम ब्लू ने स्टेडियम ऑरेंज को 61 रनों से शिकस्त दी। इससे पहले मुख्य अतिथि कनिष्क आनंद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का उद्घाटन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्टेडियम ब्लू की टीम ने निर्धारित 30 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 178 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आकाश गुप्ता और श्रेष्ठ ने 27-27 रनों की पारियां खेलीं। स्टेडियम ऑरेंज के गेंदबाजों में मयंक ने दो विकेट चटकाए, जबकि अर्जुन और शिवम को एक-एक सफलता मिली।
179 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेडियम ऑरेंज की टीम स्टेडियम ब्लू की सटीक गेंदबाजी के सामने लड़खड़ा गई और 21.2 ओवर में 112 रनों पर ही सिमट गई। टीम के लिए कप्तान ने 32 और अर्जुन ने 15 रनों का योगदान दिया। स्टेडियम ब्लू की ओर से कार्तिक ने तीन विकेट झटके। प्रकाश और अब्दुल रहमान ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
हरफनमौला प्रदर्शन के लिए स्टेडियम ब्लू के कप्तान प्रकाश पटेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट का अगला मुकाबला रविवार सुबह आठ बजे से स्टेडियम रेड और स्टेडियम ब्लू के बीच खेला जाएगा।