बरेली में महिला से दुष्कर्म के मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ी कार्रवाई की है। गंभीर मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी ने दो दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों पर दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में धाराएं लगाने में हेरफेर और विवेचना में मनमानी करने का आरोप है। निलंबित होने वालों में उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार, उपनिरीक्षक सचिन चौधरी और मुख्य आरक्षी प्रवीण कुमार शामिल हैं।
दरोगा रत्नेश कुमार वर्तमान में थाना भुता में, दरोगा सचिन चौधरी थाना नवाबगंज में और मुख्य आरक्षी प्रवीण कुमार थाना सीबीगंज में तैनात हैं। मामला एक पीड़िता द्वारा आठ दिसंबर, 2023 को थाना सीबीगंज में दी शिकायत से जुड़ा है। उस वक्त ये सभी पुलिसकर्मी सीबीगंज थाने में ही तैनात थे। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि प्रेमी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे छोड़ दिया। इस प्रकरण में थाना सीबीगंज में एफआईआर दर्ज की गई थी।