बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य ने भोजीपुरा थाने में तैनात सिपाही राजू को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि सिपाही ने अपने बीट क्षेत्र के पशु तस्करी के आरोपी की करतूतों को छिपाया। बीट रजिस्टर में आरोपी के बारे में कोई सूचना अंकित नहीं की। जांच में सिपाही की लापरवाही पाई गई। इसके बाद सिपाही पर कार्रवाई की गई।
बरेली में पशु तस्करी के आरोपी की करतूतों पर पर्दा डालना भोजीपुरा थाने में तैनात सिपाही को भारी पड़ गया। मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और उसके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
इसी साल 27 जनवरी को भोजीपुरा थाने में गोकशी के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले मे आरोपी भोजीपुरा के मोलागढ़ निवासी राजू कुरैशी को 14 फरवरी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में राजू के पैर में गोली लगी थी। पुलिस के मुताबिक राजू के खिलाफ गोकशी और पशु तस्करी के 19 मुकदमे दर्ज हैं। राजू भोजीपुरा थाने में तैनात सिपाही विशु की बीट के क्षेत्र में रहता है।
जांच में पाई गई सिपाही की लापरवाही
इसके बाद भी सिपाही विशु ने राजू के बारे कोई सूचना बीट रजिस्टर में अंकित नहीं की। लंबा आपराधिक इतिहास होने के बावजूद उच्च अधिकारियों को निरोधात्मक कार्रवाई के लिए अवगत नहीं कराया। सिपाही की लापरवाही की जांच सीओ हाईवे कर रहे थे। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने सिपाही को निलंबित कर दिया। सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।