बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं में विद्यार्थियों की बेरुखी का सिलसिला जारी है। रविवार को हुई एमएससी की प्रवेश परीक्षाओं में भी पंजीकरण कराने वाले करीब 24 फीसदी विद्यार्थियों ने हिस्सा नहीं लिया। इससे पहले हुई प्रवेश परीक्षाओं में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी नदारद रहे थे।
एमएससी मैथ और बॉटनी की प्रवेश परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय परिसर के साथ बरेली कॉलेज और वर्धमान कॉलेज में सात केंद्र बनाए गए थे जहां रविवार को सुबह 10 से 12 बजे के बीच परीक्षा हुई। कोरोना संक्रमण का खतरा देखते हुए सभी परीक्षार्थियों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। दोनो विषयों की प्रवेश परीक्षा के लिए 2275 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था लेकिन 23.74 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सिर्फ 1735 छात्र-छात्राएं ही परीक्षा में सम्मिलित हुए। बता दें कि इस सत्र में पहले भी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे हैं।