बरेली। रवींद्रनाथ टैगोर क्रिकेट अकादमी की ओर से कैंट स्थित अकादमी में आयोजित रवींद्रनाथ टैगोर अंडर-16 क्रिकेट लीग में बृहस्पतिवार को दो मुकाबले खेले गए। इसमें केपीएस व जीपी क्रिकेट अकादमी ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। केपीएस क्रिकेट अकादमी के फैज ने चार व प्रियांश मेहरा ने तीन विकेट झटके।
दिन का पहला मुकाबला केपीएस क्रिकेट अकादमी व एसएस कॉलेज क्रिकेट अकादमी के मध्य खेला गया। इसमें केपीएस ने 60 रनों से मुकाबला अपने नाम किया। इस दौरान केपीएस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन बनाए। टीम 29.3 ओवरों में ऑलआउट हो गई। हर्ष प्रताप सिंह ने 53 गेंदाें पर 30 रन बनाए। आयुष कुमार ने 24 रनों का योगदान दिया। एसएस कॉलेज क्रिकेट अकादमी की ओर से गब्बर व अंशुल यादव ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएस कॉलेज क्रिकेट अकादमी की टीम 21.4 ओवरों में 68 रन पर ऑलआउट हो गई। अमन मिश्रा ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। केपीएस क्रिकेट अकादमी के फैज ने चार व प्रियांश मेहरा ने तीन विकेट झटके। घातक गेंदबाजी के लिए प्रियांश मेहरा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच शर्मा क्रिकेट अकादमी और जीपी क्रिकेट अकादमी के मध्य खेला गया। इसमें जीपी क्रिकेट अकादमी 95 रनों से जीत गई। मुकाबले में जीपी क्रिकेट अकादमी ने 23.4 ओवरों में 176 रन बनाए। जीपी की ओर से विशाल ने 34 गेंदों पर 40 व दिलनवाज ने 22 गेंदों पर 40 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। शर्मा क्रिकेट अकादमी की ओर से जय कौशल ने पांच ओवरों में चार विकेट अपने नाम किए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी शर्मा क्रिकेट अकादमी 20.1 ओवरों में 81 रन पर ऑलआउट हो गई। हितेश ने 29 गेंदों पर 49 रन बनाए। जीपी क्रिकेट अकादमी की ओर से अक्षत ने तीन ओवरों में तीन विकेट लिए। जीपी क्रिकेट अकादमी के दिलनवाज को प्लेयर ऑफ द मैच मिला।