पुवायां। गांव दिलीपपुर में जमीनी विवाद में लाठी-डंडे चलने से दोनों पक्षों के दस लोग घायल हो गए। दोनों ओर से तहरीर दी गई है। बृहस्पतिवार को जमीनी विवाद में दो पक्षों में गाली-गलौज होने लगी। कुछ ही देर में दोनों ओर से मारपीट होने लगी। मारपीट में एक पक्ष से सरिता, कमला देवी, जदुरानी, आशाराम और दूसरे पक्ष से रामरती, विमला, सोहित, मान देवी, रजनी और रामनिवास घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे गांव के लोगों ने बमुश्किल दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बाद घायल थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए सीएचसी भिजवाया। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से घायलों का मेडिकल कराया गया है। दो लोगों को पकड़कर शांतिभंग में चालान किया गया है। तहरीर दिए जाने के बारे में जानकारी नहीं है, तहरीर दी गई है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद