फाइनल में आईएमए बरेली को सात विकेट से दी मात
बरेली। एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी में चल रहे फ्रैंडशिप कप में रविवार को फाइनल खेला गया। इसमें आईएमए बरेली और एसआरएमएस किंग्स के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। आईएमए बरेली के कप्तान डाॅ. आरपी सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। आईएमए बरेली के लिए डॉ. मनीष अग्रवाल ने 45 गेंदों पर 83 रन और डॉ. अतुल गंगवार ने 25 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली। टीम ने 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआरएमएस किंग्स की टीम के लिए डाॅ. आयुष गर्ग और डाॅ. महेश त्रिपाठी ने दूसरे विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी की। 15वें ओवर में डाॅ. आयुष गर्ग (64 रन, 41 गेंद) और 16वें ओवर में डाॅ. महेश त्रिपाठी (50 रन, 41 गेंद) के आउट होने के बाद मैच का असली रोमांच देखने को मिला। इस मौके पर एसआरएमएस किंग्स को जीत के लिए सात गेंदों पर 18 रनों की जरूरत थी। कप्तान आदित्य मूर्ति ने छक्का लगाया। अंतिम गेंद पर जीत के लिए तीन रनों की दरकार थी। तब डाॅ. रेहान ने रन लिया और टीम को सात विकेट से विजयी बनाया। इसमें आदित्य मूर्ति ने 33 रन और डाॅ. रेहान ने 21 रनों की नाबाद पारी खेली।
फाइनल मैच में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए एसआरएमएस किंग्स के कप्तान आदित्य मूर्ति को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने तीन छक्कों की मदद से 14 गेंदों पर 33 रन बनाने के साथ-साथ एक विकेट लिया। टूर्नामेंट के छह मैचों में एक शतक के साथ 207 रन बनाने के लिए आईएमए बरेली के डाॅ. अनिल गंगवार को मैन ऑफ सीरीज चुना गया। 193 रन बनाने वाले आईडीए के डाॅ. सलिल बलदेव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब मिला। 10 विकेट लेने वाले एसआरएमएस किंग्स के सुधांशु सक्सेना ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट में पांच कैच पकड़ने के लिए एसआरएमएस किंग्स के डाॅ. महेश त्रिपाठी सर्वश्रेष्ठ फील्डर चुना गया। फेयर प्ले अवार्ड आईडीए बरेली की टीम ने अपने नाम किया। संवाद