बरेली। एसआरएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रही श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें सीजन में बुधवार को क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। इसमें एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी और आईके कलेक्शन एसजी कैंट ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहला मुकाबला एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी और जस क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। एसआरएमएस के कप्तान अनंत भटनागर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। एक विकेट जल्दी गिरने के बाद भी एसआरएमएस के बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल जारी रखा और टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। इसमें पूर्वांश दुबे ने 46 रन और हितेश नरूला ने 30 गेंदों में 62 रनों का योगदान दिया। जस क्रिकेट के लिए मनी जिंदल ने तीन विकेट हासिल किए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जस क्रिकेट एकेडमी की पूरी टीम 18.2 ओवरों में 130 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। उज्ज्वल यादव ने 28 रन, प्रशांत राणा ने 26 रन बनाए। एसआरएमएस के लिए सार्थक ने तीन और अभिषेक शर्मा व गोल्डी ने दो-दो विकेट झटके। इस मौके पर एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी ने जस क्रिकेट एकेडमी को 65 रनों से मात दी।
टूर्नामेंट का चौथा क्वार्टर फाइनल आईके कलेक्शन एसजी कैंट बरेली और हरदोई स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। इसमें टॉस जीतकर आईके कलेक्शन एसजी कैंट बरेली ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। आईके कलेक्शन एसजी कैंट बरेली ने निर्धारित 20 ओवरों में 250 रन का स्कोर बनाया। इसमें विपिन ने 44 रन और सत्यम संगू ने 90 रनों की पारी खेली। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरदोई स्ट्राइकर्स की पूरी टीम 17 ओवरों में 133 रन ही बना पाई। आईके कलेक्शन एसजी कैंट बरेली के लिए पंकज धवन ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि दिव्यांश और अनिवेश ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। आईके कलेक्शन एसजी कैंट के सत्यम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। संवाद
आज के मुकाबले
टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को पहला सेमीफाइनल आईके कलेक्शन और ठेकेदार इलेवन के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल दोपहर 12:30 बजे से एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी और आईके कलेक्शन एसजी कैंट की टीमों के बीच होगा।