खेल विभाग और फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय जनपदीय जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में बुधवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में फुटबॉल हॉस्टल विजयी रहा। दूसरे मैच में स्पोर्ट्स स्टेडियम ने बाजी मारी। प्रतियोगिता का उद्घाटन शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार ने किया।
डोरी लाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहला मैच फुटबॉल हॉस्टल और यूथ एफसी के बीच हुआ। हॉस्टल के खिलाड़ी गजेंद्र सिंह ने बेहतरीन शॉट लगाया लेकिन यूथ के खिलाड़ी नमन ने गोल बचा लिया। आधे समय तक मैच गोल रहित रहा। इसके बाद 42वें मिनट में हॉस्टल की टीम के खिलाड़ी पियूष ने गोल कर 1-0 की बढ़त दिला दी। अंतिम समय तक यही स्कोर बना रहा। दूसरा मैच स्पोर्ट्स स्टेडियम और स्पोर्टिंग एफसी के बीच खेला गया। स्टेडियम की टीम के विकास राय ने गोल कर 1-0 से बढ़त दिलाई। आधे समय के बाद केएन अमित पॉल ने गोल कर हॉस्टल की टीम का स्कोर 2-0 कर दिया। अंतिम क्षणों में आलोक ने तीसरा गोल करके स्कोर 3-0 कर दिया। इस मौके पर डीएसओ शमीम अहमद, सचिव मून रॉबिंसन, मुजाहिद, ओपी कोहली, गोस्वामी, हरी शंकर, डेविड मैसन, चंद्र कुमार मौजूद रहे।
आज होगा फाइनल मुकाबला
सुबह साढ़े 9 और साढ़े 11 बजे मैच के बाद फाइनल के लिए दो टीम चुनी जाएंगी। शाम 4 बजे फाइनल मुकाबला होगा।