पीएसी ग्राउंड में चल रही 23वीं अंतर वाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन फुटबाल प्रतियोगिता -2019 के दूसरे दिन 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद ने 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ को 3-1 से हराकर और 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद ने 45वीं वाहिनी अलीगढ़ को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे दिन की प्रतियोगिता का पहला मैच 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ और 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के बीच खेला गया। हल्की बारिश भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों का जोश ठंडा नहीं कर सकी।
समय समाप्त तक दोनों टीमें एक -एक गोल की बराबरी पर रहीं। इसके चलते इस मैच का निर्णय टाई ब्रेकर से किया गया। जिसमें 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद ने 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ की टीम को 3-1 से हराकर सेमी फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा मैच 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद और 45वीं वाहिनी अलीगढ़ के बीच खेला गया। 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के खिलाड़ियों ने शुरू से ही अलीगढ़ की टीम पर दबाव बना लिया। समय समाप्त तक 9वीं वाहिनी पीएसी की टीम ने अलीगढ़ की टीम को 4-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का सेमीफाइनल और फाइनल मैच बुधवार को खेला जाएगा। इस मौके पर आठवीं पीएसी वाहिनी बरेली के सेनानायक/आयोजन सचिव विकास कुमार वैद्य, सहायक सेनानायक रामलखन यादव, शिविरपाल शिवनारायण यादव, सूबेदार मेजर निमेश कुमार, सहायक शिविरपाल चंदनराम आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता की कमेंट्री/संचालन शिवनारायण यादव व नगीन अहमद ने किया।