बरेली। झारखंड के राज्यपाल व बरेली से आठ बार सांसद रहे संतोष गंगवार के पैतृक गांव सीबीगंज के ट्यूलिया में पुरानी ईंटों और गुणवत्ताविहीन मसाले से नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, लेकिन कोई इनका संज्ञान नहीं ले रहा है। क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम के अधिकारी खामोश बैठे हैं। वहीं, ग्रामीणों को डर सता रहा है कि यह नाला पहली बरसात भी झेल पाएगा या नहीं।
ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने इसका विरोध भी किया, पर ठेकेदार बाबू अली उनकी बात सुनने के लिए तैयार नहीं है। वहीं, ग्रामीणों को यह डर भी सता रहा है कि शिकायत करने पर कहीं सड़क का निर्माण भी न रुक जाए। इस वजह से वे खामोश हैं। सड़क पर जगह-जगह गंदगी और कीचड़ पसरा है। निर्माण में भ्रष्टाचार का आलम यह है कि एक बच्चे ने नाले में लगी ईंट हाथ से ही उखाड़ दी।
गंदगी तो बेहद, साफ सफाई भी नहीं होती है गांव की
ठेकेदार पुरानी ईंटें लगा रहा है। चारों नालों के निर्माण में पुरानी ईंटें लगाई गई हैं। ऊपर से दिखाने के लिए नई ईंटों का सिर्फ एक रद्दा लगा दिया गया है। - तोताराम
सड़काें का हाल बुरा है। हम जैसे-तैसे जिंदगी गुजार रहे हैं। गांव में ही कई मिस्त्री हैं। नाले पर जो रेता-सीमेंट लगाया जा रहा है, वह भी बेहद घटिया है। - नारायण दास
अगर ठेकेदार पुरानी ईंटें लगा रहा है तो जेई को रिपोर्ट भेजकर उसका भुगतान कटवा देंगे। यह हमारा काम है। - धर्मवीर साहू, पार्षद प्रतिनिधि
मामले की जांच कराएंगे। अगर कागजों में खड़ंजे की ईंटों से नाली बनने को लेकर सहमति होगी तो ठीक है। अन्यथा ठेकेदार और उसकी फर्म के खिलाफ की कार्रवाई की जाएगी। - मनीष अवस्थी, मुख्य अभियंता