11 सटोरिए गिरफ्तार, सवा लाख रुपये बरामद
बरेली। घंटे के हिसाब से मकान किराये पर लेकर सटोरिया धंधा चला रहे थे। हर घंटे आने वाले रुपये में पांच प्रतिशत मकान मालिक का कमीशन होता था। पुलिस ने 11 सटोरियों को गिरफ्तार कर सवा लाख रुपये बरामद किए हैं।
शनिवार रात एक बजे इंस्पेक्टर बारादरी नीरज मलिक ने एसआई अजय कुमार, नितेश कुमार और फोर्स के साथ गंगापुर के एक बंद मकान पर छापा मारा। दरवाजा खुलवाकर पुलिस अंदर घुसी तो एक कमरे में दीपक वर्मा, हरिशंकर, नीरज गुप्ता और दीपक गुप्ता को सट्टे की पर्चियां लिखते पाया। राजू मैसी, तेजराम, कौशल, रफी, प्रताप, पिंटू और पोशाकी लाल रकम का हिसाब कर रहे थे। इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से करीब सवा लाख रुपये की नकदी के अलावा कैलकुलेटर, 135 पर्चियां और कई डायरियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक मकान तुलसीराम का है जिसका वह सटोरियों से हर घंटे पांच प्रतिशत रुपये किराया वसूल करता था। उसकी तलाश की जा रही है।
गालीगलौज के विरोध पर जानलेवा हमला
बरेली। मुड़िया अहमदनगर के अवधेश कुमार ने थाना इज्जतनगर में देवेंद्र कुमार, दादा और प्रताप के खिलाफ गालीगलौज का विरोध करने पर मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अवधेश ने बताया कि तीनों लोग उनके दरवाजे पर गालीगलौज करते रहते हैं। शुक्रवार को उन्होंने गाली देने से मना किया तो तीनों ने लाठी-डंडों से हमला करके उन्हें जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर उसका भाई आया तो उसे भी पीट दिया। गांव के लोग आने पर यह लोग जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। संवाद