बरेली। बालामऊ के पास सोमवार को लिए गए ब्लॉक का बरेली आने-जाने वाली ट्रेनों पर असर दिखा। इससे यात्रियों को भी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। ट्रेनों की बिगड़ी चाल के चलते सोमवार को 79 यात्रियों ने टिकट ही निरस्त करा दिए।
इन दिनों गोरखपुर में मेगा ब्लॉक के कारण बरेली होते हुए गुजरने वाली 20 ट्रेनें निरस्त चल रही हैं। 14 ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया जा रहा है। इधर, छोटे-छोटे ब्लॉकों के कारण शेष ट्रेनों की गति भी प्रभावित हो रही है। सोमवार को 14649 सरयू यमुना एक्सप्रेस 11 घंटे देरी से बरेली आई।
विशेष ट्रेनों में 03312 चंडीगढ़-धनबाद, 04214 आनंद विहार-अयोध्या, 04207 लखनऊ-दिल्ली, 05578 आनंद विहार-सहरसा ने छह घंटे तक इंतजार कराया। 14229 प्रयागराज-योग नगरी एक्सप्रेस, 15909 अवध असम एक्सप्रेस, 12558 सप्त क्रांति एक्सप्रेस, 13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस, 22420 सुहेलदेव सुपरफास्ट ने भी तीन घंटे तक इंतजार कराया। संवाद