कांवड़ मार्गों की व्यवस्था ठीक करने के निर्देश
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम बनाने के लिए बीडीए उपाध्यक्ष ने रविवार को शहर के प्रमुख मार्गों और स्वागत स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। प्राधिकरण का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने शाहजहांपुर रोड, बदायूं रोड, रामपुर रोड, बीसलपुर रोड पर सड़कों के समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी को दुरुस्त करने और यातायात में बाधा बन रहे अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए गए। निर्माणाधीन पीलीभीत बाइपास के कार्यों में तेजी लाने की हिदायत भी दी।
कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर प्रशासन का जोर
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भमोरा बाइपास पर भंडारा और कांवड़ शिविर शुरू किया गया है। इसका शुभारंभ रविवार को जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने किया। शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए विश्राम गृह, पूजा स्थल और कांवड़ स्टैंड जैसी सुविधाएं हैं। जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने कांवड़ियों को भोजन भी कराया।
डीएम ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। इस मौके पर महापौर उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधायक डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा और भाजपा के आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।