भुता। थाना क्षेत्र के गांव सरकंडा में 11 हजार केवी की बिजली की लाइन में हुई स्पार्किंग से उठी चिंगारी से छह ग्रामीणों की गन्ने की फसल जलकर राख हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। दमकल की गाड़ी देर से पहुंची, जिस पर ग्रामीणों ने नाराजगी दिखाई।
पीड़ित किसान कालीचरण ने बताया कि दोपहर लगभग एक बजे तेज हवा होने के कारण बिजली की 11 हजार केवी की लाइन में स्पार्किंग से निकली चिंगारी से पांच बीघा खेत में आग लग गई। गन्ने की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इसके साथ ही आग की चपेट में पास के खेत किसान पोथीराम का ढाई बीघा, किसान रामकुमार का ढाई बीघा, कौशल गंगवार का सात बीघा, झाजन लाल का ढाई बीघा व किसान लोचन लाल का दो बीघा में खड़ी फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
इधर, सूचना के तीन घंटे बाद दमकल की गाड़ी आई, जिसको देख ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। किसानों ने आर्थिक सहायता के लिए प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। संवाद